दो घंटे पहले जन्मी नवजात को छोड़ गई निर्दयी अज्ञात मां -पुलिस ने कराया नवजात को जिला चिकित्सालय में भर्ती

दो घंटे पहले जन्मी नवजात को छोड़ गई निर्दयी अज्ञात मां -पुलिस ने कराया नवजात को जिला चिकित्सालय में भर्ती


श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय पर मंगलवार सुबह ममत्व को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में महज 2 घंटे पहले जन्मी नवजात को अज्ञात निर्दयी मां अंडों की रेहड़ी पर छोड़कर फरार हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची और नवजात को जिला राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है। चिकित्सा स्टाफ उसकी देखरेख में जुटा हुआ है। जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. केएस कामरा ने बताया कि आज सुबह जवाहर नगर पुलिस अज्ञात बच्ची को लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार इस बच्ची को सुबह कोई अंडों की रेहड़ी पर छोड़ गया। सुखाड़िया सर्किल क्षेत्र के पास लोगों ने बच्चे की रोने की आवाज सुनी तो उसकी तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद कपड़े में लिपटी हुई नवजात अंडों के रेहड़ी पर मिली। लोगों ने पुलिस को बताया तो तुरंत नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया। पीएमओ ने बताया कि नवजात को एसएनसीयू वार्ड में रखा गया है। एक महिला नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। फिलहाल इस नवजात को अंजनी नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि 2 घंटे पहले ही इसका जन्म हुआ होगा। पहचान छुपाने के लिए अज्ञात इसे छोड़ कर चले गए। नवजात की गर्भनाल भी नहीं काटी गई थी। नवजात को अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले की तलाश में जुटी है।